गुरुवार, 26 जून 2008

यूँ ही नहीं ............( गीत )

कुछ ना कुछ लाचारी होगी ,प्यास प्राण पर भारी होगी !
यूँ ही नहीं किसी के आगे , उसने बांह पसारी होगी !!

# नेह व्यथा से सृजन कथा तक , सब दस्तूर निराले देखे !
बच बच कर चलने वालों के , पांवों में ही छाले देखे !
जान बूझ कर जो स्वीकारी ,भूल बहुत ही प्यारी होगी !!
यूँ ही नहीं ...............

# प्यार किया है तो करने का , यह अभिमान कहाँ से आया ?
सब कुछ यहाँ लुटाया था तो , फ़िर मस्तक कैसे उग आया ?
जो चाहे प्रतिदान प्रेम में , सिर्फ़ बुद्धि व्यापारी होगी !!
यूँ ही नहीं ................

# दरिया भी सागर है माना , लेकिन कुछ हटकर बहता है !
दर्पण झूठ न बोले फ़िर भी , बांये को दांया कहता है !
तुम अभिमान जिसे समझे हो , वह शायद खुद्दारी होगी !!
यूँ ही नहीं ................

# मौन प्यार अच्छा है लेकिन , जी तो करता है कुछ गाऊँ !
घुंघरू पाँव बंधे हैं मेरे , तो झनकार कहाँ ले जाऊं !
यह थिरकन स्वीकार न की तो , ख़ुद से ही गद्दारी होगी !!
यूँ ही नहीं .............

© 2005 Lalit Mohan Trivedi All Rights Reserved